बारिश अब नहीं रोकेगी पढ़ाई की राह: कुनकुरी के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मिली छतरियां, समाजसेवियों की पहल बनी शिक्षा की नई मिसाल
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बारिश अब नहीं रोकेगी पढ़ाई की राह: कुनकुरी के प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मिली छतरियां, समाजसेवियों की पहल बनी शिक्षा की नई मिसाल

नारायणपुर । शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कुनकुरी विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में मंगलवार को बच्चों के लिए छतरी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य बरसात के मौसम में बच्चों को भीगने से बचाना और उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करना रहा।

ग्रामीण क्षेत्र में स्थित इस विद्यालय में अध्ययनरत अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों से आते हैं। विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता बच्चों की आवश्यकताओं को समझते हुए लगातार समाजसेवियों को विद्यालय से जोड़ रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी कारण से प्रभावित न हो।

प्रधान पाठक ने बताया कि विद्यालय में समाजसेवियों के सहयोग से प्रत्येक वर्ष मौसम के अनुरूप बच्चों को छतरी, स्वेटर, जूते-मोजे सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही शनिवार को आयोजित आर्ट एंड क्राफ्ट तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी समाजसेवी सक्रिय सहयोग प्रदान करते हैं।

इसी क्रम में बारिश के मौसम को देखते हुए प्रधान पाठक ने कुनकुरी के प्रतिष्ठित कठौतिया परिवार से संपर्क कर बच्चों की जरूरतों से अवगत कराया। समाजसेवियों ने बच्चों के हित में सहयोग का भरोसा दिया और मंगलवार को विद्यालय पहुंचकर 26 विद्यार्थियों को छतरियां वितरित कीं। साथ ही बच्चों को बिस्कुट और चॉकलेट भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का माहौल उत्साह और खुशी से भर गया। बच्चों ने अतिथियों का अंग्रेजी में वेलकम सॉन्ग प्रस्तुत कर पारंपरिक तरीके से आरती, तिलक और पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों की मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

इस अवसर पर समाजसेवी नीरज पारिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और भविष्य में विभिन्न शासकीय विभागों में उच्च पद प्राप्त कर देश और समाज की सेवा करें। उन्होंने बच्चों से अपील की कि बरसात के दिनों में प्रतिदिन छतरी लेकर विद्यालय आएं ताकि मौसम उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।

छतरी मिलने पर बच्चों ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब वे बारिश में भीगेंगे नहीं और नियमित रूप से विद्यालय आ सकेंगे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने कठौतिया परिवार एवं सभी समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी विद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सहयोग देने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, रसोइया तथा सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image