कैंसर और गंभीर बीमारियों से बचाने की मुहिम: विश्व तम्बाकू निषेध सप्ताह में जशपुर प्रशासन का बड़ा कदम, छात्रों से लेकर आमजन तक को किया जा रहा जागरूक
ताजा खबरें


बड़ी खबर

कैंसर और गंभीर बीमारियों से बचाने की मुहिम: विश्व तम्बाकू निषेध सप्ताह में जशपुर प्रशासन का बड़ा कदम, छात्रों से लेकर आमजन तक को किया जा रहा जागरूक

जशपुरनगर। विश्व तम्बाकू निषेध सप्ताह के तहत जशपुर जिले में तम्बाकू और निकोटीन उत्पादों के खिलाफ व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में 31 मई से 06 जून 2026 तक आयोजित इस अभियान के दौरान लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जीपीएम महाविद्यालय की छात्राओं के बीच रंगोली, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित कर तम्बाकू मुक्त जीवन का संदेश दिया गया। वहीं विद्यार्थियों तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने तम्बाकू उत्पादों से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ भी ली।

सप्ताहभर चल रहे अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरूकता रैलियां निकाली गईं। रैलियों में शामिल विद्यार्थियों और स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों के खतरों की जानकारी दी। साथ ही तम्बाकू नियंत्रण कानूनों के प्रति भी जागरूक किया गया।

तम्बाकू नियंत्रण को लेकर प्रशासन की सख्ती का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कोटपा अधिनियम के तहत 535 प्रकरणों में कुल 1 लाख 450 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 98 प्रकरणों पर 19 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया जा चुका है। यह कार्रवाई पुलिस, राजस्व, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रवर्तन दल द्वारा लगातार की जा रही है।

जिले में तम्बाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों के लिए जिला चिकित्सालय जशपुर में विशेष उपचार एवं परामर्श सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्ष 2025-26 में 3004 लोगों ने इन सेवाओं का लाभ लिया, जबकि 1 अप्रैल 2026 से अब तक 647 लोगों को उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा चुका है। अस्पताल में सीओपीएम एवं सीओएचबी जांच, साइकोथेरेपी परामर्श और आवश्यक दवाइयों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।

स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं तम्बाकू उत्पादों का सेवन न करें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ एवं तम्बाकूमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग दें।

Leave Your Comment

Click to reload image