सुशासन तिहार : 679 आवेदनों के साथ जिला स्तरीय शिविर बना जनसमस्याओं के समाधान का केंद्र, किसानों और हितग्राहियों को मौके पर मिले विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं कार्ड
जशपुर, 03 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत फरसाबहार विकासखंड के ग्राम खारीबहार क्लस्टर में जिला स्तरीय सुशासन शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में आसपास की 13 ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 679 आवेदन प्राप्त हुए, जिनके निराकरण और आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही प्रक्रिया प्रारंभ की गई। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनीं तथा योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को सामग्री एवं दस्तावेज वितरित किए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत 15 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। वहीं 10 किसानों को किसान किताब कार्ड और 15 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे कृषि कार्यों में उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधा प्राप्त होगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण पूर्ण कर चुके 5 हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके अलावा 24 हितग्राहियों को आधार कार्ड भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया। सुशासन तिहार के इस आयोजन ने शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ योजनाओं की जमीनी पहुंच को भी सुनिश्चित किया। खारीबहार में आयोजित यह शिविर ग्रामीणों के लिए समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के लाभ वितरण का प्रभावी मंच साबित हुआ।
