मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बना उम्मीदों का केंद्र: हाथी प्रभावित दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्या का हुआ त्वरित समाधान, आवेदन पहुंचते ही अंधेरे में डूबी सारंगडाँड़ बस्ती में लौटी बिजली
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बना उम्मीदों का केंद्र: हाथी प्रभावित दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों की समस्या का हुआ त्वरित समाधान, आवेदन पहुंचते ही अंधेरे में डूबी सारंगडाँड़ बस्ती में लौटी बिजली

नारायणपुर : 1 जून 2026 । मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया एक बार फिर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। जिले के दूरस्थ एवं हाथी प्रभावित क्षेत्र ग्राम पंचायत बनकोम्बो की सारंगडाँड़ बस्ती पिछले पांच दिनों से अंधेरे में डूबी हुई थी। ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पूरे बस्ती की विद्युत व्यवस्था ठप हो गई थी, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों ने कई दिनों तक विभाग से  बिजली बहाल होने की प्रतीक्षा की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने पर उन्होंने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया पहुंचकर अपनी समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए जाने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और तत्काल बिजली विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया से मिले निर्देशों के बाद बिजली विभाग की टीम सक्रिय हुई और सारंगडाँड़ बस्ती में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई। बिजली व्यवस्था सुचारू होते ही ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

ग्रामीणों ने बताया कि सारंगडाँड़ बस्ती हाथी प्रभावित क्षेत्र में स्थित है। ऐसे क्षेत्रों में बिजली केवल सुविधा का साधन नहीं बल्कि सुरक्षा का भी महत्वपूर्ण माध्यम होती है। रात के समय बिजली नहीं होने से लोगों को जंगली हाथियों की आवाजाही के बीच अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ती है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा था।

ग्रामीणों का कहना है कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया तक उनकी बात पहुंचने के बाद जिस तेजी से कार्रवाई हुई, उससे उन्हें यह भरोसा मिला है कि शासन आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुन रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए उनकी संवेदनशीलता और तत्परता सराहनीय है।

क्षेत्र के लोगों ने कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया लगातार ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी केंद्र बनता जा रहा है। यहां पहुंचने वाली जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई होने से लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं संबंधित अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि समय पर ट्रांसफार्मर बदलने से न केवल बिजली की समस्या दूर हुई है, बल्कि हाथी प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षा की दृष्टि से भी बड़ी राहत मिली है।

ग्रामीणों का मानना है कि जहां जनसमस्याओं पर तत्काल सुनवाई और त्वरित समाधान हो, वहीं सुशासन की वास्तविक पहचान दिखाई देती है।

Leave Your Comment

Click to reload image