दिनभर मजदूरी… फिर रात में राशन की लाइन! गोरिया पंचायत में देर रात तक बंटता रहा पीडीएस चावल, VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
ताजा खबरें


बड़ी खबर

दिनभर मजदूरी… फिर रात में राशन की लाइन! गोरिया पंचायत में देर रात तक बंटता रहा पीडीएस चावल, VIDEO वायरल होने के बाद मचा हड़कंप

नारायणपुर/कुनकुरी 16 मई 2026। कुनकुरी विकासखंड के ग्राम पंचायत गोरिया में पीडीएस राशन वितरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। गांव में देर रात चावल वितरण का वीडियो वायरल होने के बाद पंचायत व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है। वायरल वीडियो में रात करीब 9 बजे राशन दुकान के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। महिलाएं, बुजुर्ग और छोटे बच्चों को लेकर पहुंचे ग्रामीण घंटों लाइन में खड़े नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण लोगों को रात के अंधेरे में राशन लेने मजबूर होना पड़ रहा है।

गांव के निवासी गॉड फ्रेड खलखो और देवेंद्र गुप्ता ने पंचायत पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दिनभर मजदूरी करने वाले गरीब परिवारों को रात 9 से 10 बजे तक राशन के लिए इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कई लोग दूर-दराज के मोहल्लों से छोटे-छोटे बच्चों को लेकर राशन दुकान पहुंचते हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस मौसम में रात तक राशन वितरण होना बेहद तकलीफदेह है। लोगों का आरोप है कि दिनभर समय होने के बावजूद वितरण व्यवस्था सही तरीके से नहीं संभाली जा रही, जिसका खामियाजा हितग्राहियों को भुगतना पड़ रहा है।  वीडियो में राशन दुकान परिसर पूरी तरह लोगों से भरा दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों की लंबी कतार और देर रात तक चल रहा वितरण अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। 

इधर पंचायत के सरपंच और सचिव ने सफाई देते हुए कहा कि राशन वितरण सुबह से ही शुरू कर दिया जाता है, लेकिन नेटवर्क की समस्या के कारण फिंगर मशीन बेहद धीमी चलती है। इसी वजह से वितरण कार्य में देर होती है और रात तक काम चलता रहता है।

पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि अधिकांश ग्रामीण मजदूरी करने वाले हैं। यदि किसी कारण से उसी दिन राशन नहीं दिया जाए तो लोगों को दोबारा आना पड़ता है, जिससे उनका काम प्रभावित होता है। इसलिए कोशिश रहती है कि सभी हितग्राहियों को उसी दिन राशन उपलब्ध करा दिया जाए।

हालांकि पंचायत की इस दलील से ग्रामीण संतुष्ट नजर नहीं आ रहे। लोगों का कहना है कि तकनीकी समस्या का बोझ जनता पर डालना उचित नहीं है। ग्रामीण अब इस पूरे मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से करने की तैयारी में हैं।

जब इस बारे में एसडीएम कुनकुरी से पूछने पर कहा कि इसका पता लगाकर वास्तविक स्थिति की जांच होगी और गलत पाए जाने पर उचित कार्यवाही की जाएगी।

सवाल यह उठ रहा है कि क्या पीडीएस जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था रात में संचालित होना नियमों के अनुरूप है? अब सबकी नजर खाद्य विभाग और  प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।

देखें वीडियो :

Leave Your Comment

Click to reload image