35 वर्षों की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा का स्वर्णिम अध्याय पूर्ण — यशस्वी जशपुर के सहायक नोडल संजीव शर्मा को संकल्प शिक्षण संस्थान में भावभीनी विदाई,
ताजा खबरें


बड़ी खबर

35 वर्षों की गौरवपूर्ण शासकीय सेवा का स्वर्णिम अध्याय पूर्ण — यशस्वी जशपुर के सहायक नोडल संजीव शर्मा को संकल्प शिक्षण संस्थान में भावभीनी विदाई,

जशपुर 1 मई 2026 : 
संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में  श्री संजीव शर्मा के सेवानिवृत्ति अवसर पर एक भावपूर्ण वातावरण में विदाई समारोह आयोजित हुआ।  ‌श्री शर्मा ने 09 दिसंबर 1991 से 30 अप्रैल 2026 तक अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए शिक्षा क्षेत्र में जशपुर जिले को आगे बढ़ाया है। 

बिलासपुर में जन्मे संजीव शर्मा एक प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता डॉ. टी.डी. शर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति रह चुके हैं तथा माता श्रीमती पुष्पलता शर्मा का स्नेह व संस्कार उनके जीवन की आधारशिला रही हैं। एक छोटी सी टीम के साथ यशस्वी जशपुर के कार्यों का पूरे जिले में क्रियान्वयन अत्यंत चुनौतीपूर्ण और परिश्रम का कार्य है। जिसे उन्होंने बखूबी निभाया। शिक्षा के क्षेत्र में उनका नेतृत्व एवं मार्गदर्शन सदैव सहकर्मियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
गार्डनिंग और बैडमिंटन के खेल का शौक रखने वाले संजीव शर्मा ने व्यायाम शिक्षक के रूप में शासकीय सेवा प्रारंभ की। अनुशासित जीवनचर्या और समय के पाबंद श्री शर्मा ने बालक स्कूल कुनकुरी , जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जशपुर (डाईट)  आदर्श विद्यालय ,जशपुर तथा यशस्वी जशपुर में सहायक नोडल के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
सेवानिवृत्ति के दिन श्री शर्मा अपने परिवार के साथ समारोह में उपस्थित हुए। उनके बेटे चिराग, बेटी तनिष्का एवं दामाद रोहित मिश्रा एवं नातिन जीविका मिश्रा विशेष रूप से इंदौर से इस अवसर पर शामिल होने पहुंचे। विदाई समारोह में सभी की आंखें नम थीं। समारोह के दौरान बेटा चिराग और बेटी तनिष्का अपने पिता के प्रति सम्मान और प्रेम व्यक्त करते हुए अत्यंत भावुक हो गए, जिससे वातावरण और अधिक संवेदनशील हो गया। परिवार की नन्ही सदस्य जीविका ने भी अपने नाना जी के विदाई समारोह में शामिल होकर इस पल को और खास बना दिया। उनकी पत्नी श्रीमती हेमा शर्मा भी इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपस्थित रहीं। उन्होंने श्री शर्मा को सबसे अच्छे पिता और एक अच्छे पति के रूप में बताकर अपना स्नेह और सम्मान प्रकट किया। 
श्री संजीव शर्मा ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने शासकीय सेवा को पूरी ईमानदारी से निभाया है इसलिए वे आज पूरे संतोष से सेवानिवृत हो रहे हैं। उन्होंने सभी सहकर्मियों के साथ कार्य करने के अपने अनुभव भी बताएं और सभी का आभार भी व्यक्त किया। 
इस कार्यक्रम में प्राचार्य विनोद गुप्ता, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय सहित शिक्षक सीमा गुप्ता, अश्विनी सिंह, ममता सिन्हा, प्रभात मिश्रा, दिलीप सिंह, दीपक ग्वाला, राजेंद्र प्रेमी , शिवसुन्दर यादव, अवध किशोर सिंह,अधीक्षक शांति कुजूर तथा कार्यालय के स्टाफ दिलीप राम, दीपक महतो और प्रदीप सिंह उपस्थित रहकर अपने विचार व्यक्त किया । कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सीमा गुप्ता एवं श्रीमती ममता सिन्हा ने किया । 
समारोह के अंत में श्री संजीव शर्मा को शाल- श्रीफल और उपहार भेंटकर कर सभी ने उनके स्वास्थ और सुखमय भविष्य की कामना कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।

Leave Your Comment

Click to reload image