विश्व योग दिवस पर जशपुर बना स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र:  मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिया निरोगी जीवन का मंत्र, बोले— “योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा”, सैकड़ो लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर लिया स्वस्थ, संतुलित और नशामुक्त जीवन का संकल्प
ताजा खबरें


बड़ी खबर

विश्व योग दिवस पर जशपुर बना स्वास्थ्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र:  मंत्री राजेश अग्रवाल ने दिया निरोगी जीवन का मंत्र, बोले— “योग को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा”, सैकड़ो लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर लिया स्वस्थ, संतुलित और नशामुक्त जीवन का संकल्प

जशपुर, 21 जून 2026। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जशपुर जिला मुख्यालय रविवार को योगमय वातावरण में सराबोर नजर आया। जिला प्रशासन द्वारा वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सुबह से ही आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा, जहां लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने योग को भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि योग की शुरुआत कब हुई, इसकी कल्पना करना भी कठिन है। यह हमारी ऋषि परंपरा की ऐसी देन है, जिसने आज पूरी दुनिया को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़, तनाव और अनियमित दिनचर्या के बीच योग ही वह माध्यम है, जो शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को संतुलित बनाए रखता है। उन्होंने लोगों से केवल योग दिवस पर ही नहीं बल्कि प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा— “करें योग, रहें निरोग।”

योग प्रशिक्षक श्री डमरूधर स्वर्णकार एवं श्रीमती स्मिता जैन के मार्गदर्शन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास में उपस्थित लोगों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन, अर्धचक्रासन और शवासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासन किए। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान का अभ्यास कर मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के महत्व को समझा। पूरे परिसर में योग की ऊर्जा और सकारात्मक वातावरण का विशेष प्रभाव दिखाई दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि संपूर्ण जीवन जीने की एक श्रेष्ठ पद्धति है। ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही यह परंपरा आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ रहता है, मन प्रसन्न रहता है और अनेक बीमारियों से बचाव संभव होता है। वहीं पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा विश्व योग कर रहा है। उन्होंने योग को जीवन की आत्मा और साधना बताते हुए सभी लोगों से इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत ने भी लोगों को नियमित योग करने की सलाह देते हुए कहा कि योग शरीर को ऊर्जावान और स्फूर्तिवान बनाए रखता है। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने स्वयं भी विभिन्न योगासन कर लोगों को प्रेरित किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग और नशामुक्ति दोनों ही आवश्यक हैं।

कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री रामप्रताप सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कृष्णा राय, नरेश नंदे, राजू गुप्ता, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, जिला आयुर्वेद अधिकारी श्री भुवनेश्वर प्रसाद सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक और स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे।

विश्व योग दिवस पर आयोजित यह भव्य कार्यक्रम जिलेवासियों को स्वस्थ जीवन, मानसिक शांति और सकारात्मक सोच की दिशा में प्रेरित करने वाला साबित हुआ। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से जशपुर से एक बार फिर यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण का सबसे सरल मार्ग योग ही है।

Leave Your Comment

Click to reload image