छत्तीसगढ़ बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026: बेटियों ने फिर मारी बाज़ी, 10वीं में 77.15% और 12वीं में 83.04% छात्र सफल, पिछले साल से बेहतर रहा रिजल्ट, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म
रायपुर, 29 अफ़्रैल 2026। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर द्वारा आज जारी हुए हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकण्डरी (12वीं) परीक्षा वर्ष 2026 के परिणामों ने इस बार भी बेटियों की शानदार सफलता की कहानी दोहराई है। दोनों ही कक्षाओं में छात्राओं का परिणाम प्रतिशत छात्रों की तुलना में अधिक रहा है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की मजबूत उपस्थिति एक बार फिर सामने आई है।
हाईस्कूल परीक्षा 2026 में कुल 3,21,677 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 3,16,730 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणामों के अनुसार 3,14,953 परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी किया गया, जिनमें से 2,43,016 विद्यार्थी सफल घोषित हुए। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 77.15 रहा। इसमें बालिकाओं का पास प्रतिशत 81.03 और बालकों का 72.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। परिणामों के विश्लेषण में सामने आया कि 1,40,108 छात्र प्रथम श्रेणी में, 96,721 द्वितीय श्रेणी में और 6,187 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं 19,347 छात्र एक या दो विषयों में अनुत्तीर्ण रहे।
कुछ परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गए हैं, जिनमें 15 छात्र नकल प्रकरण में, 143 जांच प्रक्रिया में और 1616 छात्रों के आवेदन पात्रता के अभाव में निरस्त किए गए हैं। इसके अलावा 3 परीक्षार्थियों के परिणाम बाद में जारी किए जाएंगे।
यदि पिछले वर्ष से तुलना करें तो वर्ष 2025 में हाईस्कूल का परिणाम 76.53 प्रतिशत था, जबकि इस वर्ष यह बढ़कर 77.15 प्रतिशत हो गया है, यानी लगभग 0.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
वहीं हायर सेकण्डरी परीक्षा 2026 में कुल 2,46,166 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें से 2,44,453 परीक्षा में शामिल हुए। घोषित परिणामों में 2,43,898 विद्यार्थियों का रिजल्ट जारी हुआ, जिनमें से 2,02,549 परीक्षार्थी सफल हुए। इस प्रकार कुल पास प्रतिशत 83.04 रहा। यहां भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए 86.04 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि छात्रों का प्रतिशत 78.86 रहा।
12वीं में प्रथम श्रेणी में 1,27,334, द्वितीय श्रेणी में 72,402 और तृतीय श्रेणी में 2,806 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। 7 छात्र पास श्रेणी में सफल हुए। वहीं 23,866 परीक्षार्थी एक या दो विषयों में असफल रहे। 63 छात्रों के परिणाम रोके गए हैं, जिनमें 5 नकल प्रकरण और 56 जांच के मामले शामिल हैं, जबकि 492 आवेदन निरस्त किए गए हैं। 2 छात्रों के परिणाम बाद में घोषित होंगे।
पिछले वर्ष 2025 में हायर सेकण्डरी का परिणाम 81.87 प्रतिशत था, जो इस वर्ष बढ़कर 83.04 प्रतिशत हो गया है। इस प्रकार 1.17 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
इस वर्ष 10वीं के लिए 2,510 और 12वीं के लिए 2,395 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जबकि 34 समन्वय केंद्रों से पूरी परीक्षा प्रक्रिया संचालित की गई।
छात्र अपने परीक्षा परिणाम मण्डल की आधिकारिक वेबसाइटों cg.results.nic.in, results.cg.nic.in और cgbse.nic.in के अलावा डिजीलॉकर सहित विभिन्न शैक्षणिक पोर्टलों पर भी देख सकते हैं।
मण्डल की ओर से परीक्षा के सफल संचालन और परिणाम घोषित करने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग, मूल्यांकनकर्ताओं और सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी गई हैं और असफल विद्यार्थियों को द्वितीय मुख्य (अवसर) परीक्षा के माध्यम से सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया है।
