“मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल से बदल रही गांवों की तस्वीर — जशपुर का केरे गांव बना ग्रामीण पर्यटन का उभरता हॉटस्पॉट, होमस्टे मॉडल से आत्मनिर्भरता और रोजगार की नई राह
जशपुर 25 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में जशपुर जिले का केरे गांव तेजी से एक उभरते पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना रहा है।
जिला प्रशासन के सफल प्रयासों का परिणाम है, जिसने इस गांव को अपनाकर यहां 5 होमस्टे स्थापित किए हैं तथा स्थानीय ग्रामीणों को होमस्टे प्रबंधन एवं अतिथि सेवा का समुचित प्रशिक्षण प्रदान किया है।
हाल ही में महुआ होमस्टे, केरे में ठहरे अतिथियों का अनुभव इस पहल की सफलता को दर्शाता है। बिलासपुर से रांची जा रहे तीन यात्रियों के समूह ने अपने सफर के दौरान एक आरामदायक ठहराव की योजना बनाई। इंटरनेट पर खोज के दौरान उन्हें HOI की वेबसाइट पर महुआ होमस्टे की जानकारी मिली। केरे गांव में अतिथियों के आगमन पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें ताजे, पौष्टिक एवं घर के बने भोजन का स्वाद चखने को मिला। अतिथियों ने भोजन की गुणवत्ता, ठहरने की सुविधा और मेजबानों के आत्मीय व्यवहार की सराहना की।
यह अनुभव दर्शाता है कि केरे गांव को एक भरोसेमंद और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
जिला प्रशासन, जशपुर, इस पहल के माध्यम से केरे गांव में विकसित हो रही सामुदायिक भागीदारी और स्थानीय आजीविका के नए अवसरों को महत्वपूर्ण मानता है। इस तरह के प्रयास न केवल ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाते हैं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए पर्यटन को एक जिम्मेदार और समावेशी दिशा प्रदान करते हैं।
सकारात्मक अनुभवों और बढ़ती पहचान के साथ, केरे गांव छत्तीसगढ़ में सामुदायिक आधारित पर्यटन विकास का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनने की दिशा में अग्रसर है।
