जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: तुमला में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 76 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ के साथ नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 49 लाख से अधिक की जप्ती
जशपुर, 24 अप्रैल 2026। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना तुमला क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 76 किलो 940 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो कारें और चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 49 लाख 17 हजार रुपये बताई जा रही है, जिसमें गांजा की कीमत करीब 38 लाख रुपये आंकी गई है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब 23 अप्रैल की रात करीब 10 बजे थाना तुमला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा राज्य की ओर से दो कारों में भारी मात्रा में गांजा छुपाकर तस्करी की जा रही है और यह खेप लावाकेरा-सारईटोली मार्ग से होकर गुजरने वाली है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना तुमला पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल चौकी कोल्हेंझरिया तथा चौकी कोतबा की पुलिस टीम के साथ मिलकर मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर सघन जांच शुरू की।
कुछ ही देर में मुखबिर के बताए अनुसार एक बिना नंबर की सफेद मारुति ब्रेजा और दूसरी काले रंग की मारुति XL6 कार (क्रमांक CG-14-MW-3300) मौके पर पहुंची, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। जांच के दौरान XL6 कार में तीन व्यक्ति और ब्रेजा में एक व्यक्ति सवार पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम युगल यादव (21 वर्ष), मोहित कुमार यादव (26 वर्ष), दीपक यादव (26 वर्ष) तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक बताए।
पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में दोनों वाहनों की तलाशी ली, जिसमें ब्रेजा कार की डिक्की और सीटों के बीच छिपाकर रखी गई चार बोरियों में 73 पैकेट गांजा बरामद हुआ। इन पैकेटों को भूरे रंग की सेलो टेप से अच्छी तरह पैक किया गया था। जब्त गांजा का कुल वजन 76 किलो 940 ग्राम पाया गया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में लेकर गांजा, दोनों कारें और मोबाइल फोन जब्त कर लिए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा उड़ीसा राज्य से लाकर अन्य स्थानों पर खपाने की फिराक में थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना तुमला में धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है। तीन आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तुमला निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, चौकी प्रभारी कोल्हेंझरिया सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, प्रधान आरक्षक मुकेश भगत, फ्रांसिस बेक, आरक्षक बूटा सिंह, अमित साय और पुस्तम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मुखबिर तंत्र को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
