सियान गुड़ी बना जशपुर का संवेदनशील सामाजिक नवाचार: एक ही छत के नीचे वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा सम्मान, स्वास्थ्य, मनोरंजन और आत्मिक शांति का अनूठा संगम
जशपुरनगर 24 अप्रैल 2026/ जशपुर के भागलपुर रोड स्थित डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित एक आदर्श केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। जहां उन्हें एक ही छत के नीचे विविध सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस केंद्र का शुभारंभ 17 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया था, जिसके बाद से यहां लगातार वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता बढ़ रही है। सियान गुड़ी में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन, पुस्तकालय, स्वल्पाहार, स्वास्थ्य जांच एवं फिजियोथैरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यहां आने वाले बुजुर्गों को न केवल शारीरिक स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है, बल्कि मानसिक और सामाजिक रूप से भी सक्रिय रहने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
समाज कल्याण विभाग के उप संचालक ने बताया कि 23 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्मकुमारी संस्थान की दीदियों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को आध्यात्मिक ज्ञान एवं राजयोग मेडिटेशन कराया गया। जिससे उन्हें मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त हुई। इसके साथ ही उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों की फिजियोथैरेपी कराई गई और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी को भोजन कराकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक, सक्रिय और स्वस्थ जीवन प्रदान करना है। यहां पुस्तकालय की सुविधा के माध्यम से ज्ञानवर्धन का अवसर भी उपलब्ध है, वहीं नियमित स्वास्थ्य जांच और फिजियोथैरेपी से बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखा जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सियान गुड़ी में पंजीयन कराकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं। पंजीयन के लिए श्री प्रभाकर द्विवेदी मो. नंबर 7389206101 एवं श्री अनूप सिंह मो. नंबर 9399630817 से संपर्क किया जा सकता है।
सियान गुड़ी वरिष्ठ नागरिकों के लिए न केवल एक डे-केयर सेंटर है, बल्कि यह उनके लिए सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य संवर्धन और मानसिक संतुलन का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है।
