परशुराम जयंती पर जशपुर के बालाजी मंदिर में विश्व शांति हेतु वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-हवन संपन्न, सैकड़ों लोगों की भव्य रैली से गूंजा शहर, मेधावी छात्रों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान
जशपुर।परशुराम जयंती के मौके पर शहर में आस्था और उत्साह का खास माहौल देखने को मिला। बालाजी मंदिर परिसर में सर्व ब्राह्मण समाज जशपुर की ओर से विश्व कल्याण और शांति की कामना के साथ विधि-विधान से पूजन और हवन संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय चौबे ने की, वहीं यजमान के रूप में सुदीप मुखर्जी और पुरोहित पं. मनोज रमाकांत ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ परशुराम गायत्री मंत्र का पाठ कराया। पूजा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पूजन-हवन के बाद नगर में भव्य रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। भगवान परशुराम के जयघोष से शहर का माहौल गूंज उठा। रैली बालाजी मंदिर पहुंचकर सभा में तब्दील हो गई, जहां डॉ. मंगल किशोर पाठक और मनोज रमाकांत मिश्रा ने संबोधित करते हुए भगवान परशुराम के आदर्शों को अपनाने और समाज में एकता बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन सर्व ब्राह्मण समाज के सचिव मनोज गौतम शर्मा ने किया।
इस दौरान समाज के वरिष्ठ जनों का श्रीफल और शॉल देकर सम्मान किया गया। साथ ही पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और समाज सेवा में सक्रिय लोगों को भी मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में खास उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में एक अहम निर्णय लेते हुए सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष परमानंद मिश्रा के मार्गदर्शन में महिलाओं की एक नई समिति का गठन किया गया, जो आगे चलकर महिला शिक्षा और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों को गति देगी।
अंत में सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में शीतल मिश्रा, प्रवीण पाठक, कमल दुबे, ओम प्रकाश पांडे, दिनेश तिवारी, आलोक मिश्रा, अमित मिश्रा, मनभरण त्रिपाठी, सुधीर पाठक, अरविंद सतपथी, जयप्रकाश पाठक, कोलेश्वर जी, विद्यासागर उपाध्याय, विनोद मिश्रा, प्रेमप्रकाश त्रिपाठी, विंध्याचल शर्मा सहित समाज के कई वरिष्ठ और युवा सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।
