कुनकुरी श्री रामकथा मंच से गूंजा गौमाता सम्मान का महासंकल्प, राष्ट्रमाता का दर्जा और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग के साथ देशव्यापी अभियान की भव्य शुरुआत
ताजा खबरें


बड़ी खबर

कुनकुरी श्री रामकथा मंच से गूंजा गौमाता सम्मान का महासंकल्प, राष्ट्रमाता का दर्जा और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग के साथ देशव्यापी अभियान की भव्य शुरुआत

नारायणपुर/कुनकुरी 09 अफ़्रैल 2026 : नगर में आयोजित भव्य संगीतमय श्री रामकथा के अंतिम दिवस पर एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देशव्यापी “गौ सम्मान आह्वान अभियान” की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उपस्थित संतों, महात्माओं एवं सनातन धर्मावलंबियों ने गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान को लेकर जनजागरण का संकल्प लिया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत में गौ माता को संरक्षण प्रदान करना, उन्हें राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना तथा गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों से प्रभावी कानून बनाने की मांग करना है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए उनके संरक्षण के लिए समाज और शासन दोनों को मिलकर कार्य करना आवश्यक है।

इस अभियान को देशभर के संत, महात्मा, मुनि, आचार्य, गौसेवक एवं सनातनी बंधु निस्वार्थ भाव से आगे बढ़ा रहे हैं। बिना किसी पद या स्वार्थ के यह अभियान जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। “गौ माता हमारी माता” के भाव के साथ अभियान को प्रधान संरक्षक के रूप में गौमाता एवं अध्यक्ष के रूप में नंदी बाबा के सानिध्य में संचालित किया जा रहा है, जिसे समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है।

अभियान को चार चरणों में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 27 अप्रैल को “गौ सम्मान दिवस” के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन देशभर की प्रत्येक तहसील में संबंधित अधिकारियों के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एवं हस्ताक्षर युक्त प्रार्थना पत्र सौंपा जाएगा।

कुनकुरी तहसील में भी 27 अप्रैल को दोपहर 2 बजे स्थानीय शिव मंदिर से रैली निकाली जाएगी। रैली में शामिल सनातनी बंधु गौ माता के नाम का संकीर्तन करते हुए तहसील कार्यालय पहुंचेंगे और वहां अधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे।

आयोजकों के अनुसार, यदि सरकार द्वारा मांगों पर संतोषजनक कार्यवाही नहीं की जाती है, तो अभियान के दूसरे चरण में 27 जुलाई को जिला कलेक्टर को पुनः ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस प्रकार चरणबद्ध तरीके से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने गौ संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image