गर्मी से पहले जशपुर नपा एक्शन मोड में: जल स्रोतों की सफाई, पाइपलाइन मरम्मत तेज, टैंकर व्यवस्था तैयार, हर वार्ड तक निर्बाध पानी पहुंचाने की पूरी रणनीति लागू
ताजा खबरें


बड़ी खबर

गर्मी से पहले जशपुर नपा एक्शन मोड में: जल स्रोतों की सफाई, पाइपलाइन मरम्मत तेज, टैंकर व्यवस्था तैयार, हर वार्ड तक निर्बाध पानी पहुंचाने की पूरी रणनीति लागू

जशपुर 31 मार्च । आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित जल संकट से निपटने के लिए जशपुर नगरपालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को नगरपालिका सभागार में अध्यक्ष अरविंद भगत की अध्यक्षता में जलप्रदाय शाखा एवं जल विभाग के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्णय लिए गए।

बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत एवं सभापति विक्रांत सिंह ने जल विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर में सुचारू जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी वार्डों की स्थिति का आकलन किया गया तथा संभावित संकट वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई।

चर्चा के दौरान नगर में स्थापित प्याऊ, बोरवेल और हैंडपंपों की मरम्मत एवं सुधार को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी जल स्रोतों को तत्काल दुरुस्त कर नागरिकों को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

नगरपालिका प्रशासन ने इस वर्ष ग्रीष्मकालीन पेयजल प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि नगर के सभी जल स्रोतों की नियमित सफाई कराई जा रही है और जहां-जहां पाइपलाइनें पुरानी या जर्जर हो चुकी हैं, वहां युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन किसी भी स्थिति में नागरिकों को पानी की समस्या से जूझने नहीं देगा।

सीएमओ ने आगे बताया कि संभावित जल संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी तैयार की जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी वार्ड में पेयजल संकट उत्पन्न न हो। इसके साथ ही शहर के सभी वार्डों के लिए जलापूर्ति का रोस्टर भी तैयार किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image