जनसमस्या पर युवा नेता की पहल, उपेक्षित कुएँ की सफाई की मांग -सफाई और मरम्मत की मांग पर नगरपालिका ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा 
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जनसमस्या पर युवा नेता की पहल, उपेक्षित कुएँ की सफाई की मांग -सफाई और मरम्मत की मांग पर नगरपालिका ने दिया त्वरित कार्रवाई का भरोसा 

जशपुरनगर। गर्मी के आगमन के साथ ही शहर में पेयजल संकट की आशंकाएँ तेज होने लगी हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 02 नवाटोली में वर्षों से उपेक्षित पड़े एक सार्वजनिक कुएँ की स्थिति ने स्थानीय नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है क्षेत्रवासियों की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता दीपक गुप्ता ने इस कुएँ की तत्काल सफाई, मरम्मत एवं पुनः उपयोग योग्य बनाए जाने की मांग को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा है।

नवाटोली स्थित यह कुआँ, जो सुनील होटल और शिव आइसक्रीम फैक्ट्री के पास स्थित है, कभी आसपास के परिवारों के लिए प्रमुख जलस्रोत हुआ करता था। लेकिन लंबे समय से देखरेख के अभाव में अब इसकी स्थिति जर्जर हो गई है। कुएँ के भीतर जमी गाद, गंदगी और दूषित जल ने इसे लगभग अनुपयोगी बना दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों को गर्मी के दिनों में पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

उपेक्षा के कारण बढ़ी समस्या, विकल्प भी सीमित -

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, वार्ड में पहले से ही पेयजल के वैकल्पिक स्रोत सीमित हैं। ऐसे में सार्वजनिक जलस्रोत की अनदेखी लोगों की परेशानी को और बढ़ा रही है। कई परिवारों को दैनिक जरूरतों के लिए दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी हो रही है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को इससे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

समय रहते पहल की जरूरत -

दीपक गुप्ता ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी आवश्यकता को प्राथमिकता देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि गर्मी से पहले जलस्रोतों की सफाई और संरक्षण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने नगरपालिका से अपील की कि नवाटोली के इस कुएँ की तत्काल सफाई, गाद निकासी और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

नगरपालिका ने दिया आश्वासन -

इस मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग को निर्देशित कर कुएँ की स्थिति का निरीक्षण कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर सफाई एवं मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image