आधी रात का कहर: श्रीनदी पुल पर बेकाबू ट्रेलर पलटा, रेलिंग तोड़ी, कुनकुरी-तपकरा मार्ग घंटो रहा जाम’,बाल-बाल बचे चालक-खलासी ,यातायात बहाल करने में जुटा प्रशासन
जशपुर /नारायणपुर 20 मार्च 2026। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खारीझरिया स्थित श्रीनदी पुल पर बीती रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। रोलिंग रॉड से लदा एक भारी ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पुल के ठीक बीचों-बीच पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुल की मजबूत रेलिंग तक चकनाचूर हो गई और लोहे से भरा ट्रेलर सड़क पर इस तरह बिखर गया कि पूरा मार्ग लोहे के ढेर में तब्दील हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा आधी रात के आसपास हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक लहराते हुए पुल पर चढ़ा और देखते ही देखते पलट गया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और यह बड़ा हादसा हो गया। गनीमत यह रही कि इतना भयानक हादसा होने के बावजूद चालक और खलासी बाल-बाल बच गए और दोनों को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
हादसे के बाद कुनकुरी-तपकरा मुख्य मार्ग पूरी तरह से जाम हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसमें ट्रक, बस और छोटे वाहन घंटों तक फंसे रहे। रातभर यात्री जाम में जूझते रहे, कई लोग खुले आसमान के नीचे इंतजार करने को मजबूर हो गए। सुबह तक भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही कुनकुरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। पुलिस टीम ने मौके पर सुरक्षा घेरा बनाकर राहत कार्य शुरू किया और ट्रेलर को हटाने के लिए भारी मशीनें बुलाई गईं। प्रशासन भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मार्ग को जल्द से जल्द चालू करने के प्रयास जारी हैं।
फिलहाल यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी के चालकों की थकान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अगर समय रहते सावधानी नहीं बरती जाए, तो ऐसे हादसे कभी भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकते हैं।
