नगरपालिका क्षेत्र के 43 विकास कार्यों हेतु 356.61 लाख रुपये स्वीकृत -बदलेगा जशपुर का चेहरा!” – अब हर वार्ड में चमकेगी सड़क, दौड़ेगी तरक्की
ताजा खबरें


बड़ी खबर

नगरपालिका क्षेत्र के 43 विकास कार्यों हेतु 356.61 लाख रुपये स्वीकृत -बदलेगा जशपुर का चेहरा!” – अब हर वार्ड में चमकेगी सड़क, दौड़ेगी तरक्की

जशपुरनगर 19 मार्च 2026 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले जशपुर को नगरीय विकास के लिए बड़ी सौगात मिली है। नगरपालिका क्षेत्र में सीसी रोड, नाली तथा बीटी रोड निर्माण के 43 विकास कार्यों के लिए 356.61 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति विधायक रायमुनी भगत की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा दी गई है।

बताया जा रहा है कि शहर के विभिन्न वार्डों में लंबे समय से बुनियादी विकास कार्यों की मांग उठ रही थी। पार्षदों द्वारा लगातार नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत के समक्ष सड़क, नाली और अन्य निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की बात रखी जा रही थी। इसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष, मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय तथा विधायक रायमुनी भगत के समन्वय से वार्डवार प्राथमिकता सूची तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था।

नगरपालिका के सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्यों की अनुशंसा की थी, जिसके आधार पर 43 कार्यों को स्वीकृति मिली है। इस स्वीकृति से शहर के कई क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत होने की उम्मीद है और आम नागरिकों को आवागमन व जलनिकासी जैसी बुनियादी सुविधाओं में राहत मिलेगी।

कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर शहर के विकास को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया है कि विकास कार्यों के लिए राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। जशपुर के विकास के लिए भेजे जाने वाले प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की बात भी कही गई थी, जिस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सहमति जताते हुए स्वीकृति प्रदान की।

विधायक रायमुनी भगत और नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि इन विकास कार्यों के शुरू होने से नगर में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और शहर का सुनियोजित विकास आगे बढ़ेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image