बाल विवाह पर कड़ा प्रहार: जशपुर जिले की 285 ग्राम पंचायतें बनने जा रही “बाल विवाह मुक्त”, 25 मार्च तक आम जनता से मांगे गए दावा-आपत्ति
ताजा खबरें


बड़ी खबर

बाल विवाह पर कड़ा प्रहार: जशपुर जिले की 285 ग्राम पंचायतें बनने जा रही “बाल विवाह मुक्त”, 25 मार्च तक आम जनता से मांगे गए दावा-आपत्ति

जशपुरनगर 18 मार्च 2026/महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के 285 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किए जाने हेतु  25 मार्च 2026 तक दावा आपत्ति आमंत्रित किया गया है।
        विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संचालनालय, महिला एवं बाल विकास के द्वारा प्रदत्त निर्देशों में ऐसी ग्राम पंचायतों में जहां विगत 02 वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 में बाल विवाह का प्रकरण ना हुआ हो, उन्हें बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जाना है। इसी संबंध में जशपुर जिले के 444 ग्राम पंचायतों में से 285 ग्राम पंचायतों से पिछले 02 वर्षों में बाल विवाह का प्रकरण नहीं होने संबंधी ग्राम पंचायतों के ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित हुआ है। जिससे बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जाकर प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। 
          इस संबंध में किसी भी व्यक्ति व संस्थान को किसी भी प्रकार की आपत्ति हो या कोई बाल विवाह का प्रकरण संज्ञान में हो तो 25 मार्च 2026 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग जशपुर में कार्यालयीन समय प्रातः 10.00 बजे से शाम 05.30 बजे तक लिखित में सुसंगत दस्तावेजों के साथ दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
         बाल विवाह मुक्त घोषित करने हेतु प्रस्तावित ग्राम पंचायतों में जशपुर विकासखण्ड से 26 ग्राम पंचायत, मनोरा से 37, दुलदुला से 24, कुनकुरी से 35, फरसाबहार से 54, बगीचा से 60, पत्थलगांव से 44 एवं कांसाबेल से 05 ग्राम पंचायत शामिल हैं। ग्राम पंचायतों की सूची जिले के वेबसाईट पर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सूचना पटल पर अवलोकन किया जा सकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image