वामदेव नगर अघोरपीठ गम्हरिया में 15-16 मार्च को अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल का 27वाँ स्थापना दिवस, अष्टयाम संकीर्तन, विशाल चिकित्सा शिविर और जरूरतमंदों के लिए वस्त्र वितरण के साथ दो दिन तक गूंजेगा भक्ति का वातावरण
जशपुर 13 मार्च 2026 :। जशपुर जिले के गम्हरिया स्थित वामदेव नगर अघोरपीठ में आगामी 15 और 16 मार्च को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम महाविभूति स्थल का 27वाँ स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर अघोर परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं के लिए दो दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह आयोजन बाबा भगवान राम ट्रस्ट, श्री सर्वेश्वरी समूह एवं अघोर परिषद ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। कार्यक्रम में जहां एक ओर धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-अर्चन और संकीर्तन के माध्यम से आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर समाजसेवा के विभिन्न प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता भी की जाएगी।
श्रमदान और पूजन-अर्चन से होगा शुभारंभ
समारोह का शुभारंभ 15 मार्च को प्रातः 6:00 बजे ‘सफाई’ एवं श्रमदान के साथ किया जाएगा। इसके बाद मंदिर परिसर में पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी द्वारा विशेष पूजन संपन्न किया जाएगा तथा अघोराचार्य महाराज श्री की आरती की जाएगी।
इसके साथ ही अघोरेश्वर महाविभूति स्थल पर अष्टयाम संकीर्तन का शुभारंभ होगा, जिसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन और नामस्मरण के माध्यम से आध्यात्मिक साधना में सहभागी बनेंगे।
निःशुल्क चिकित्सा शिविर होगा आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान समाज सेवा को भी प्रमुखता दी गई है। 15 मार्च को सुबह 10:00 बजे से निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श तथा आवश्यक दवाइयां निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।
सद्ग्रंथ पाठ और गोष्ठी का आयोजन
समारोह के दूसरे दिन 16 मार्च को प्रातः पूजन व आरती के पश्चात ‘सफलयोनि’ सद्ग्रंथ का पाठ किया जाएगा। इसके बाद अघोर दर्शन और समाज सेवा के महत्व पर आधारित लघु आध्यात्मिक गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें श्रद्धालुओं को अघोर परंपरा के सिद्धांतों और मानव सेवा के संदेश से अवगत कराया जाएगा।
जरूरतमंदों के बीच होगा वस्त्र वितरण
कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार 16 मार्च को दोपहर 3:30 बजे जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्रों का वितरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह पहल अघोरपीठ की मानव सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है।
भजन-कीर्तन के साथ होगा समापन
दो दिवसीय समारोह के अंतिम चरण में 16 मार्च की शाम आरती के पश्चात भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। भक्ति संगीत और संकीर्तन के बीच इस आध्यात्मिक महोत्सव का समापन होगा।
व्यवस्थापक मंडल (बाबा भगवान राम ट्रस्ट) ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, भक्तों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और आध्यात्मिक वातावरण का लाभ प्राप्त करें।
