जशपुर में आईजी दीपक झा का वार्षिक निरीक्षण, रक्षित केंद्र में भव्य परेड की सलामी लेकर पुलिस व्यवस्था की परखी नब्ज, पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं, अनुशासन और पारदर्शिता पर दिए सख्त निर्देश
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जशपुर में आईजी दीपक झा का वार्षिक निरीक्षण, रक्षित केंद्र में भव्य परेड की सलामी लेकर पुलिस व्यवस्था की परखी नब्ज, पुलिस दरबार में सुनी अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं, अनुशासन और पारदर्शिता पर दिए सख्त निर्देश

जशपुर, 10 मार्च 2026। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक झा ने मंगलवार को जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर पहुंचकर भव्य परेड की सलामी ली तथा पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। परेड के दौरान उत्कृष्ट वेश-भूषा और अनुशासन का परिचय देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस महानिरीक्षक द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

निरीक्षण के दौरान आईजी श्री झा ने रक्षित केंद्र में उपलब्ध शासकीय वाहनों का भी अवलोकन किया और उनके उचित रख-रखाव तथा नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं जैसे वाहन शाखा, कैश शाखा, स्टोर शाखा तथा पुलिस कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात आयोजित पुलिस दरबार में आईजी श्री दीपक झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। कई समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने मौके पर ही आवश्यक निर्देश भी दिए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुलिस बल को हमेशा अनुशासन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को उत्तम गणवेश में रहकर सख्त अनुशासन का पालन करना चाहिए। आधुनिक समय में तकनीकी ज्ञान की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कंप्यूटर की अनिवार्य जानकारी रखने की सलाह दी, ताकि आधुनिक पुलिसिंग और कार्यालयीन कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सके।

आईजी श्री झा ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त समझाइश दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिए। यदि किसी भी आपराधिक गतिविधि में पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वार्षिक निरीक्षण के दौरान आईजी श्री दीपक झा ने सिटी कोतवाली जशपुर तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया और कार्यालयीन कार्यों को समयबद्ध तथा व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है।

इस दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पटनवार, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद मंडावी, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक श्री कुंजराम चौहान, उप पुलिस अधीक्षक अ.जा.क. श्री भावेश समरथ, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। साथ ही आईजी स्टेनो मो. रियाज खान एवं रीडर रेमशलाल साहू भी मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image