“जय श्री राम” और “जय जूदेव” के नारों से गूंज उठा पूरा इलाका — भाजयुमो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के प्रथम आगमन पर मयाली से नारायणपुर तक उमड़ा जनसैलाब, गाजे-बाजे, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा से हुआ ऐतिहासिक स्वागत
ताजा खबरें

बड़ी खबर

“जय श्री राम” और “जय जूदेव” के नारों से गूंज उठा पूरा इलाका — भाजयुमो के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के प्रथम आगमन पर मयाली से नारायणपुर तक उमड़ा जनसैलाब, गाजे-बाजे, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा से हुआ ऐतिहासिक स्वागत

नारायणपुर/ 10 मार्च 2026 । भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के पदभार ग्रहण करने के बाद प्रथम बार नारायणपुर, मयाली, जोकारी, केराडीह, बिलासपुर और बनकोम्बो क्षेत्र में आगमन पर भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत किया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पलक बिछाकर अपने युवा नेता का अभिनंदन किया।

पूरे क्षेत्र में ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के बीच युवाओं का ऐसा जोश और उत्साह देखने को मिला कि समूचा इलाका “जय श्री राम”, “जय जूदेव” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। मुख्य चौक-चौराहों पर विशाल पुष्पहारों और फूल-मालाओं से सुसज्जित होकर कार्यकर्ताओं ने अपने नए युवा सेनापति का भव्य स्वागत किया।

मयाली से शुरू हुआ स्वागत का सिलसिला

इस भव्य स्वागत रैली की शुरुआत सबसे पहले मयाली से हुई, जहां कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ विजय आदित्य सिंह जूदेव का अभिनंदन किया। इसके बाद यही उत्साह और उमंग केराडीह और बिलासपुर में भी देखने को मिला।

बिलासपुर पहुंचकर विजय आदित्य सिंह जूदेव ने अंडील स्थित सरना महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर जिले और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इसके बाद यह रैली नारायणपुर पहुंची, जहां अटल चौक से गाजे-बाजे, आतिशबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। नारायणपुर में विजय आदित्य सिंह जूदेव मुख्य मार्ग से पैदल मार्च करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे। इस दौरान गांव के लोगों ने घर-घर से निकलकर उनका स्वागत किया और पूरा नारायणपुर जयकारों से गूंज उठा।

     मयाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी श्रीमती अनीता सिंह ने कहा कि जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव का मयाली की पावन धरती पर आगमन हम सभी युवाओं के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उनके नेतृत्व में युवा शक्ति संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

डीडीसी मालिता बाई ने भी अपने वक्तव्य में उनके आगमन पर हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उनके उज्ज्वल नेतृत्व की सराहना की।

वहीं वरिष्ठ नेता अनूप नारायण बड़ा ने कहा कि युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी को जिले में नई ऊर्जा और नई ऊंचाइयां प्राप्त होंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि युवा शक्ति के साथ संगठन और अधिक मजबूत होकर समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष भरत सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विजय आदित्य सिंह जूदेव के नेतृत्व में युवा मोर्चा को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और उनके जोश व समर्पण से भाजपा जिले में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगी।

नारायणपुर से जूदेव परिवार का आत्मीय रिश्ता

नारायणपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने ग्रामवासियों के भव्य स्वागत और अभिनंदन के लिए आभार प्रकट किया।

उन्होंने कहा कि नारायणपुर और जूदेव परिवार का रिश्ता बहुत पुराना और आत्मीय रहा है। स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव जब भी इस क्षेत्र से गुजरते थे, तो नारायणपुर के लोगों से अवश्य मिलते थे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।

उन्होंने कहा कि जब भी मैं नारायणपुर आता हूं तो यहां के लोगों से मिले बिना वापस नहीं जा पाता, क्योंकि यहां मुझे घर जैसा अपनापन और स्नेह मिलता है।

युवाओं को दिया संगठन मजबूत करने का संदेश

विजय आदित्य सिंह जूदेव ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी ने जो भव्य स्वागत किया है, वह युवाओं की शक्ति और संगठन के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि आज आप सबका यह प्रेम और उत्साह देखकर मेरा सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। यह स्वागत मेरा नहीं बल्कि जशपुर की उस युवा शक्ति का है जो अंत्योदय के संकल्प को सिद्ध करने के लिए दिन-रात मैदान में डटी हुई है।

उन्होंने कहा कि संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, वह मेरे लिए पद नहीं बल्कि सेवा का एक माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। हम सभी को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनहितकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संदेश को जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। आने वाले समय में हमारी एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत बनेगी।

नारायणपुर आश्रम में पूजा-अर्चना कर लिया संतों का आशीर्वाद

कार्यक्रम सम्पन्न होने के पश्चात भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव अघोरेश्वर भगवान राम की तपोभूमि जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने आश्रम परिसर में विराजमान ओघड़ गणेश, पंचमुखी शिव मूर्ति, माता काली तथा भगवान राम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं जिले के समस्त नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए भगवान से प्रार्थना की। पूजा-अर्चना के पश्चात उन्होंने आश्रम के पूज्य संत बाबा उत्साही राम जी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

आश्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने भी उनका आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अघोरेश्वर भगवान राम की यह तपोभूमि श्रद्धा, आस्था और जनसेवा का प्रमुख केंद्र है तथा यहां आकर पूजा-अर्चना करने से मन को आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होती है। उन्होंने प्रदेश और जिले के विकास, खुशहाली तथा जनकल्याण की कामना करते हुए बाबा उत्साही राम जी से आशीर्वाद लिया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, बालेश्वर यादव,संजय बंग, शंकर यादव, गोपाल यादव,भुनेश्वर यादव,यशवंत यादव,सुनील राय,श्रीमती संतोषी वंदे, श्रीमती मीनू सिंह, विकास नाग, अरुण महंती,संजय बंग, श्रीराम चौहान, मुकेश प्रजापति, जनक राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image