जशपुर के गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में महिला की निर्मम हत्या, पति सहित चार आरोपी गिरफ्तार
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जशपुर के गट्टी महुआ में जादू-टोना के शक में महिला की निर्मम हत्या, पति सहित चार आरोपी गिरफ्तार

जशपुर, 09 मार्च 2026।
सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम गट्टी महुआ में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां गोईदी बाई (48 वर्ष) की जादू-टोना के शक में हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

मृतिका के भाई सहलू राम (30 वर्ष) ने 06 मार्च को थाना सन्ना में सूचना दी कि उनकी बड़ी बहन अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। घटनास्थल निरीक्षण में मृतिका के शरीर और आसपास खून के निशान पाए गए। इसके अलावा मृतिका के गुप्तांग में गंभीर चोट के निशान भी मिले।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें डॉक्टरों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि कठोर और भोंथरी वस्तु से गुप्तांग में गंभीर चोट के कारण मृतिका की मृत्यु हुई है, जो कि हत्या (Homicidal) की श्रेणी में आती है।

पुलिस पूछताछ और गवाहों के बयान के अनुसार 05 मार्च को दोपहर करीब 2 बजे घर में मृतिका और उसकी सौतन फुला बाई के बीच विवाद हुआ। इसके बाद फुला बाई और उसका पति ठूपन राम खेत की ओर गए, जहां सुनील राम (23 वर्ष) और उसकी पत्नी सुरन्ती बाई (22 वर्ष) पहले से मौजूद थे। मृतिका बर्तन धोने के लिए कुएं की ओर जा रही थी, जिसे रास्ते में ठूपन राम ने बहला-फुसलाकर झोपड़ी में ले जाकर बैठा दिया।

पुलिस के अनुसार आरोप है कि सुनील राम ने यह आरोप लगाया कि उसके घर में संतान न होने और उसके पिता के कैंसर का कारण मृतिका का जादू-टोना है। इसी शक में चारों आरोपियों ने मिलकर गोईदी बाई पर हमला किया। सुनील राम ने उसे जमीन पर पटक दिया, ठूपन राम और फुला बाई ने उसके हाथ-पैर पकड़कर रोक रखा। इसके बाद सुरन्ती बाई और सुनील राम ने लकड़ी का डंडा मृतिका के गुप्तांग में डाल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घर लाकर बिस्तर पर रख दिया और कंबल डालकर घटना को छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। गिरफ्तार आरोपी हैं — ठूपन राम (45 वर्ष), फुला बाई (48 वर्ष), सुनील राम (23 वर्ष), सुरन्ती बाई (22 वर्ष)। सभी ग्राम गट्टी महुआ, थाना सन्ना, जिला जशपुर के निवासी हैं।

मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष सिंह, सहायक उप निरीक्षक सिरद साय, महिला प्रधान आरक्षक पुन्नी यादव और आरक्षक प्रवीण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image