जशपुर वनमण्डल में अग्नि सुरक्षा अभियान शुरू – ग्रामीणों को आग लगने के दुष्परिणामों की दी जानकारी
जशपुर 03 मार्च 2026: जशपुर वनमण्डल के अंतर्गत समस्त वन परिक्षेत्रों में फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य वनों में आग लगने की घटनाओं को रोकना और ग्रामीणों को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना है।
अभियान के तहत वन प्रबंधन समितियों के अध्यक्ष, सचिव, सदस्य एवं संबंधित ग्रामों के ग्रामीणों की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में उपस्थित लोगों को विस्तारपूर्वक समझाया जा रहा है कि वन में आग लगने से न केवल बहुमूल्य वृक्ष प्रजातियाँ और वन्यजीव प्रभावित होते हैं, बल्कि जैव विविधता, प्राकृतिक पुनर्जनन, मृदा की उर्वरता और पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
ग्रामीणों को विशेष रूप से मठुआ, तेंदूपत्ता संग्रहण या खेत साफ करने के दौरान आग लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में जानबूझकर या लापरवाही से वन क्षेत्र में आग न लगाएँ।
यदि किसी स्थान पर आग दिखाई दे, तो तत्काल संबंधित वनरक्षक या परिक्षेत्र कार्यालय को सूचित करने और आग बुझाने के कार्य में वन विभाग को संपूर्ण सहयोग देने की अपील भी की गई है।
वनमण्डल अधिकारी ने बताया कि समस्त परिक्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा दल सक्रिय हैं, और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही विभाग ने आग बुझाने के लिए आवश्यक उपकरण और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है।
वन विभाग जशपुर ने नागरिकों से अपील की है कि वे वनों की सुरक्षा को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए आगजनी की घटनाओं की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएँ। वन संपदा के संरक्षण में सामूहिक प्रयास ही इसे सुरक्षित रख सकते हैं।
