वार्ड क्रमांक 18 में 35.50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण को मंजूरी, शहर के तीन वार्डों के नागरिकों को मिलेगा बेहतर अंतिम संस्कार स्थल का लाभ
ताजा खबरें

बड़ी खबर

वार्ड क्रमांक 18 में 35.50 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण को मंजूरी, शहर के तीन वार्डों के नागरिकों को मिलेगा बेहतर अंतिम संस्कार स्थल का लाभ

जशपुरनगर 2 मार्च 2026 : नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के राज्य शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 18 में सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण के लिए 35.50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। शहरों में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त मुक्तिधाम विकसित करने के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप यह स्वीकृति दी गई है।

जानकारी के अनुसार वार्ड 16, 17 एवं 18 के आम नागरिकों के साथ पार्षद देवधन नायक, मुकेश इंदवार एवं विजेता भगत ने वार्ड निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय से मुक्तिधाम निर्माण की मांग की थी। इसके पश्चात नगरपालिका अध्यक्ष भगत एवं सीएमओ उपाध्याय ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुक्तिधाम स्वीकृति के लिए निवेदन किया था।

मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री द्वारा जशपुरनगर के लिए सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण के निर्देश दिए जाने के बाद विभाग द्वारा 35.50 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई। प्रस्तावित मुक्तिधाम में वेटिंग हॉल, शौचालय, पेयजल सुविधा तथा शवदाह के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा, जिससे अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित संबंधित वार्डों के पार्षदों ने मुक्तिधाम की स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

नगरपालिका प्रशासन द्वारा वार्ड क्रमांक 19 में भी मुक्तिधाम निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजा जा रहा है। वहीं वार्ड क्रमांक 8 स्थित मुक्तिधाम में अतिरिक्त शेड एवं प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया है, ताकि अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image