कैशलैस इलाज की सौगात पर कर्मचारियों ने जताया आभार, मुख्यमंत्री से फेडरेशन की सौजन्य भेंट
रायपुर 27 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में उस समय आत्मीय माहौल देखने को मिला, जब छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में पेश किए गए राज्य बजट में कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए कैशलैस चिकित्सा सुविधा की घोषणा पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया।
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार का यह निर्णय कर्मचारी वर्ग के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। लंबे समय से कैशलैस उपचार की मांग की जा रही थी, जिसे अब बजट में शामिल कर सरकार ने संवेदनशीलता का परिचय दिया है। इससे प्रदेश के हजारों शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को सीधे लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी सुशासन की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत और निष्ठा से ही योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंचती हैं। उन्होंने कहा कि बीमारी के समय आर्थिक बोझ किसी भी कर्मचारी के लिए चिंता का कारण न बने, इसी सोच के साथ कैशलैस चिकित्सा सुविधा को बजट में शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारी हितों से जुड़े अन्य विषयों पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है और भविष्य में भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
भेंट के अंत में फेडरेशन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस फैसले से कर्मचारी वर्ग का मनोबल और मजबूत होगा तथा वे और अधिक समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा सकेंगे।
