अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की मिसाल: जशपुर के शासकीय राम भजन राय एनईएस कॉलेज में धूमधाम से आयोजित हुआ एनसीसी सीनियर रैंक सेरेमनी कार्यक्रम
जशपुर महाविद्यालय में एनसीसी रैंक सेरेमनी, कैडेट्स ने दिखाई काबिलियत
जशपुर नगर, 23 फरवरी 2026।
शासकीय राम भजन राय एन ई एस स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कल एनसीसी इकाई का “एनसीसी रैंक सेरेमनी कार्यक्रम” आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अनुशासन, नेतृत्व और बेहतर प्रदर्शन दिखाने वाले कैडेट्स को रैंक देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र की अध्यक्षता में यह समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रोफेसर प्रवीण सतपती और एनसीसी अधिकारी कैप्टन ए.आर. पैकरा भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि एनसीसी भारतीय सुरक्षा की दूसरी पंक्ति के रूप में कार्य करती है और अनुशासन हमेशा आगे बढ़ने में मदद करता है।
कार्यक्रम का संचालन सीनियर डिवीजन के कैडेट्स साहिल सिंह, ललिता यादव और शम्मी अंसारी ने किया। कैडेट्स ने एनसीसी के उद्देश्यों और अनुशासन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण नहीं है, बल्कि यह चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का माध्यम है।
इस अवसर पर सीनियर डिवीजन के कैडेट्स को रैंक प्रदान किए गए। ललिता यादव को सीनियर अंडर ऑफिसर, साहिल सिंह और राहुल भगत को जूनियर अंडर ऑफिसर, आशीष भगत और अमिषा कुजूर को CQMS, उमेश पैकरा और एंजेलिना कुजूर को सर्जेंट, शिवम शुक्ला और संजय यादव को कॉर्पोरल, शम्मी अंसारी और अन्नू यादव को लांस कॉर्पोरल का रैंक मिला।
प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में मददगार होते हैं। अंत में एनसीसी अधिकारी कैप्टन ए.आर. पैकरा ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया। महाविद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों और कैडेट्स का आभार जताया।
