राष्ट्रीय फाइलेरिया दिवस पर जशपुर में चला जनजागरूकता का महाअभियान, अधिकारियों ने स्वयं दवा सेवन कर छात्रों-शिक्षकों को दिया फाइलेरिया उन्मूलन का सशक्त संदेश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम, दीप प्रज्ज्वलन व सरस्वती वंदना के साथ हुआ शुभारंभ, दवा सेवन व शपथ के जरिए समाज को जोड़ा गया उन्मूलन अभियान से
जशपुर, 11 फरवरी 2026/ राष्ट्रीय फाइलेरिया दिवस के अवसर पर दिनांक 10 फरवरी 2026 को जशपुर जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री घनश्याम सिंह जतरा ने की। इस अवसर पर विकासखंड चिकित्सा अधिकारी श्री आशुतोष तिर्की, टी.सी. जशपुर श्रीमती कीर्ति शर्मा, एसपीएम रायपुर श्री रोहित कुमार, बीटीसी जशपुर श्री सनातन कुजूर, विद्यालय के सम्माननीय अध्यक्ष श्री जनार्दन प्रसाद सिंहा (अधिवक्ता, जशपुर) एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया और फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया।
मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री घनश्याम सिंह जतरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि फाइलेरिया एक गंभीर लेकिन पूर्णतः रोके जाने योग्य बीमारी है। समय पर दवाइयों के सेवन एवं मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाकर इस रोग से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शासन द्वारा वितरित की जा रही दवाइयों का नियमित सेवन करें तथा अफवाहों से दूर रहें।
विकासखंड चिकित्सा अधिकारी श्री आशुतोष तिर्की ने फाइलेरिया रोग के लक्षण, उसके दीर्घकालिक दुष्प्रभाव एवं बचाव के वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी। वहीं एसपीएम रायपुर श्री रोहित कुमार ने फाइलेरिया के साथ-साथ मलेरिया जैसे वेक्टर जनित रोगों से बचाव हेतु स्वच्छता, जलभराव रोकने एवं मच्छर नियंत्रण पर विशेष जोर दिया।
टी.सी. जशपुर श्रीमती कीर्ति शर्मा द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन की शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी अतिथियों, विद्यालय के आचार्य बंधु-भगिनी तथा समस्त भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। शपथ के माध्यम से फाइलेरिया मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि उपस्थित सभी अधिकारियों ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर आमजन को सकारात्मक संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आग्रह किया गया कि वे न केवल स्वयं दवा का सेवन करें बल्कि अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
कार्यक्रम को विद्यालय परिवार ने अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना एवं सराहा। अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री संजय यादव द्वारा सभी अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।
