नारायणपुर में चक्र पूजा का समापन : गाजे बाजे के साथ निकला प्रतिमाओं का विसर्जन जुलूस,विसर्जन के जुलूस में थिरके श्रद्धालु


नारायणपुर : पांच दिवसीय विष्णु महायज्ञ चक्र पूजा का आज समापन हो गया। बीते पांच दिनों से नारायणपुर क्षेत्र में विष्णु महायज्ञ चक्र पूजा को लेकर भारी चहल-पहल रही वहीं पंडाल में प्रतिदिन होने वाले धार्मिक आयोजनों की धूम मची रही। क्या महिला, क्या पुरूष और क्या बच्चे सभी भक्ति में लीन होकर कल्याण की कामना करते रहे।
वर्षों से चली आ रही चक्र पूजा की यह पंरपरा के नारायणपुर में 5 दिनों तक धूमधाम से चली। जिनका विसर्जन रविवार को गाजे-बाजे के साथ भव्य जुलूस निकाल कर स्थानीय तालाब में किया गया। दो बजे भव्य जुलूस पंडाल से प्रारंभ होकर अटल चौक मुख्य मार्ग होते जय स्तम्भ चौक पहुंचा। यात्रा में स्थानीय लोगों के साथ आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया। भक्तों के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।विसर्जन जुलूस में काफी संख्या में महिलाएं पुरुष,बच्चे शामिल हुए. जुलूस के दौरान महिलाओं का हुजूम भक्ति गीतों पर थिरकता रहा।
अमृत सरोवर के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।
पुलिस प्रशासन ने विसर्जन यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को सामूहिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा।
