बारिश आते ही बिजली संकट से बचाने विभाग का तकनीकी सुधार, नारायणपुर फीडर में लगाया जा रहा नया AB Switch,क्षेत्र में कुछ देर गुल रह सकती है बिजली
नारायणपुर। बारिश का मौसम शुरू होने से पहले ही विद्युत विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अक्सर मानसून के दौरान बिजली फॉल्ट, तार टूटने और लंबे समय तक बिजली बंद रहने की शिकायतों को देखते हुए इस बार विभाग पहले से सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में नारायणपुर विद्युत विभाग के जेई ने व्हाट्सएप के जरिए उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण सूचना जारी कर बताया है कि मटासी क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर फीडर पर नया AB Switch लगाया जा रहा है।
विभाग का कहना है कि इस तकनीकी उन्नयन से बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारु और निर्बाध रहेगी। साथ ही किसी भी फॉल्ट की स्थिति में सुधार कार्य तेजी से किया जा सकेगा। AB Switch लगने के बाद खराबी वाले हिस्से को अलग कर तत्काल मरम्मत संभव होगी, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली लंबे समय तक बंद नहीं करनी पड़ेगी।
मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय प्रभावित रहेगी सप्लाई
विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो सकती है। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य जनहित और बेहतर विद्युत सुविधा के उद्देश्य से किया जा रहा है। अस्थायी असुविधा के लिए विभाग ने खेद भी व्यक्त किया है।
